जयपुर।
यूनिवर्सिटी सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (USR) योजना के तहत महामहिम राज्यपाल हरिभाऊ बागडे तथा माननीया कुलगुरु प्रोफेसर अल्पना कटेजा की प्रेरणा से राजस्थान विश्वविद्यालय के लाइफलाँग लर्निंग विभाग द्वारा 27 फ़रवरी 2026 को जालसू क्षेत्र के ग्राम गोविन्दपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में विशेष जागरूकता शिविर एवं ध्यान सत्र का आयोजन किया गया।
विभाग के निदेशक डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य शैक्षणिक ज्ञान को समाज के अंतिम छोर तक पहुँचाना तथा ग्रामीण विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अमित शर्मा ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्लास्टिक के विभिन्न प्रकारों की वैज्ञानिक जानकारी देते हुए बताया कि यह पर्यावरण, जल स्रोतों तथा मानव स्वास्थ्य के लिए कितना हानिकारक है। साथ ही प्लास्टिक कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के उपायों पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग न्यूनतम करने की शपथ दिलाई।
हार्टफुलनेस मेडिटेशन: मानसिक एकाग्रता के सूत्र
शिविर के दूसरे सत्र में श्री रामचंद्र मिशन के विशेषज्ञों द्वारा ‘हार्टफुलनेस मेडिटेशन’ (सहज मार्ग ध्यान) पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। विशेषज्ञ श्रीमती ज्योति गुप्ता एवं श्री राकेश मित्तल ने विद्यार्थियों को ध्यान की विधि और उसके लाभों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नियमित ध्यान अभ्यास से मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और तनाव प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार संभव है।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को ध्यान का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अतिथियों ने की सराहना
कार्यक्रम में गोविन्दपुरा के प्रशासक श्री पवन कुमार बुनकर ने विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री कन्हैयालाल वर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

