जगद्गुरु रामभद्राचार्य के पावन आशीर्वाद एवं पूज्य गुरु रामचंद्र दास जी महाराज के सानिध्य में जयपुर स्थित अशोका क्लब में “रामरंग” होली फागोत्सव का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति एवं भारतीय परंपरा के विविध रंगों ने उपस्थित जनसमूह को दिव्य फागोत्सव की अनुभूति से अभिभूत कर दिया।
पूज्य गुरु श्री रामचंद्र दास जी महाराज ने अपने उद्बोधन में होली के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व का भावपूर्ण विवेचन करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि जीवन में आनंद, प्रेम और सकारात्मकता के प्रसार का पर्व है। उन्होंने कहा, “जब जीवन में पतझड़ जैसी विपरीत परिस्थितियाँ हों, तब टेसू के फूलों के समान प्राकृतिक रंगों से जीवन में उल्लास और आनंद का संचार करना ही होली का वास्तविक संदेश है।”
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ एवं अरुण चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ब्रज होली टीम द्वारा प्रस्तुत फूलों की होली एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुति रही। इस दिव्य प्रस्तुति में महाराज श्री एवं उपस्थित श्रद्धालु फाग भक्ति के रंग में पूर्णतः भावविभोर हो उठे और संपूर्ण वातावरण “रामरंग” में रंग गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में श्री सोमकांत शर्मा, श्री आशीष गोयल, श्री दिनेश गोयल, श्री पुजेंद्र देववाल, श्रीमती श्रुति भारद्वाज, श्री सत्यनारायण शर्मा, श्री गौरव खंडेलवाल, श्री अनीश अग्रवाल, श्री गौरव मोदी एवं श्री मयंक त्यागी सहित समस्त आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा। सभी आयोजकों के समर्पण एवं सक्रिय सहयोग से यह कार्यक्रम अत्यंत सफल, सुव्यवस्थित एवं स्मरणीय सिद्ध हुआ।





