जयपुर।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में आयोजित साउथ एशिया जुजुत्सु ट्रायल में जयपुर की प्रतिभावान खिलाड़ी सुमन कुमावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेवाजा और फाइटिंग सिस्टम दोनों में प्रथम स्थान हासिल किया। इस जीत के साथ उन्होंने अप्रैल माह में श्रीलंका में आयोजित होने वाली साउथ एशियन जुजुत्सु चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
सुमन की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी की लहर है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन को लेकर विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी की स्पोर्ट्स मैनेजर डॉ. अनीता चौधरी सहित अन्य खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी और आगामी चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं दीं।
सुमन कुमावत अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी, जिससे जयपुर और राजस्थान का नाम रोशन होने की उम्मीद है।
