नारायणा हॉस्पिटल जयपुर और कोशिका फाउंडेशन का संयुक्त प्रयास: नन्हे दिलों को नई ज़िंदगी

 


जयपुर 
 नारायणा हॉस्पिटल और कोशिका फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गंभीर हृदय रोगों के उपचार हेतु एक महत्वपूर्ण पहल को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।

“सेव लिटिल हार्ट्स, सेव लिटिल लाइफ” की भावना के साथ शुरू हुई यह पहल पिछले 7–8 वर्षों से लगातार जारी है और अब इसे और अधिक व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से अब तक सैकड़ों बच्चों की हृदय सर्जरी और उपचार संभव हो पाया है। इसका मुख्य उद्देश्य उन बच्चों तक जीवनरक्षक इलाज पहुंचाना है, जिनके परिवार आर्थिक तंगी के कारण उपचार नहीं करवा पाते।

मरीजों की प्रेरणादायक कहानियां

इस पहल के तहत कई बच्चों को नया जीवन मिला—

बिस्मिल्लाह (1 वर्ष, बिहार): जन्म के एक महीने बाद ही टेट्रालॉजी ऑफ फैलोट (TOF) जैसी गंभीर हृदय बीमारी का पता चला। वजन कम होने के कारण सर्जरी टाली गई, लेकिन एक वर्ष बाद सफल ऑपरेशन के बाद बच्चा स्वस्थ हो गया।

सूरज (17 वर्ष, करौली): वर्ष 2016 में सर्जरी के बाद आर्थिक कारणों से फॉलो-अप नहीं हो सका, जिससे समस्या दोबारा बढ़ गई। 2023 में दोबारा उपचार के बाद अब वह स्वस्थ जीवन जी रहा है।

इशिका (17 वर्ष, बीकानेर): सांस फूलने की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती हुई। ओपन हार्ट सर्जरी के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो गई।

सौरव (14 वर्ष, उत्तर प्रदेश): हृदय की कमजोरी के कारण शारीरिक विकास प्रभावित था। वाल्व रिप्लेसमेंट सर्जरी के बाद उसकी स्थिति में तेजी से सुधार हुआ।

स्वाति (11 वर्ष, टोंक): स्कूल में प्रस्तुति के दौरान बेहोश हो गई। जांच में दिल में छेद पाया गया, जिसे PDA डिवाइस क्लोजर से सफलतापूर्वक ठीक किया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि सफल सर्जरी के साथ-साथ ऑपरेशन के बाद की देखभाल भी बेहद महत्वपूर्ण होती है।




प्रमुख वक्तव्य

बलविंदर सिंह वालिया ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल इलाज करना नहीं, बल्कि बच्चों को नया जीवन देना है। हम इस पहल को और व्यापक बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

डॉ. प्रदीप कुमार गोयल ने कहा, “बच्चों की हृदय सर्जरी बेहद संवेदनशील होती है। सही समय पर उपचार और उचित देखभाल से उनका जीवन पूरी तरह बदल सकता है।”

सुनील टंडन ने कहा, “लगभग 12 वर्ष पहले शुरू हुआ यह प्रयास आज जरूरतमंद बच्चों की जिंदगी बचाने का माध्यम बन चुका है।”

कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञ

इस अवसर पर डॉ. सौरभ जयसवाल, डॉ. प्रशांत माहवार, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. सुनील कुमार गुप्ता, डॉ. रवि खंडेलवाल, डॉ. बृजेश सोनी सहित कई विशेषज्ञ और गणमान्य लोग मौजूद रहे।




अस्पताल के बारे में

नारायणा हॉस्पिटल देश के प्रमुख मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों में से एक है, जो आधुनिक तकनीक और अनुभवी डॉक्टरों की टीम के साथ जटिल हृदय रोगों सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के इलाज में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह अस्पताल समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Previous Post Next Post