भारतीय सेना के अधिकारियों का सम्मान, बीएमसीएचआरसी व सेना के बीच एमओयू ‘आशा स्कूल’ को 15 लाख रुपये के उपकरण भेंट

 


जयपुर। भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (BMCHRC) द्वारा एंटरटेनमेंट पैराडाइज के बैंक्वेट हॉल में आयोजित समारोह में भारतीय सेना के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह (GOC-in-C, दक्षिण पश्चिमी कमान) रहे।

इस अवसर पर आर्मी डे परेड के सफल आयोजन के उपलक्ष्य में सेना के अधिकारियों का सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह, श्रीमती बरिंदरजीत कौर (क्षेत्रीय अध्यक्षा, AWWA, दक्षिण पश्चिमी कमान) तथा मेजर जनरल अमर रामदासानी शामिल रहे।

एमओयू का उद्देश्य कैंसर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग को मजबूत करना तथा सेना के कर्मियों और उनके परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। समझौते के तहत आवश्यकता पड़ने पर BMCHRC द्वारा सेवारत सैनिकों, उनकी पत्नियों और बच्चों को कैंसर उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही DNB सहित अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों में मुफ्त प्रशिक्षण, गंभीर मरीजों के लिए होम केयर और टेली-कंसल्टेशन सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।



इसके अतिरिक्त युद्ध में शहीद सैनिकों की विधवाओं और उनके बच्चों को अस्पताल में रोजगार के अवसरों में प्राथमिकता दी जाएगी। आपातकालीन परिस्थितियों, विशेषकर युद्ध के समय, अस्पताल द्वारा दो सर्जिकल टीमें और 200 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने का प्रावधान भी इस समझौते में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान BMCHRC ने दक्षिण-पश्चिमी कमान द्वारा संचालित आशा स्कूल को 15 लाख रुपये मूल्य के थेरेपी एवं शिक्षण उपकरण भेंट किए। इनमें हाइड्रोथेरेपी हार्नेस, सेंसरी टाइल्स, थेरेपी यूनिट्स, बॉल पूल, स्मार्ट बोर्ड और वॉकर जैसे उपकरण शामिल हैं।





इस अवसर पर BMCHRC के अध्यक्ष नवरतन कोठारी ने कहा कि विशेष जरूरतों वाले बच्चों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी है। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिला कोठारी ने इसे सेना कर्मियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत, मेजर जनरल एस.सी. पारीक (कार्यकारी निदेशक, BMCHRC), डॉ. गीतांजलि अग्रवाल जोशी, डॉ. पुनीत सिंह सहित शहर के कई गणमान्य अतिथियों, क्लब, समुदाय और शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Previous Post Next Post