जयपुर चाय फेस्टिवल का पहला संस्करण 27-28 अप्रैल को आरआईसी में सौम्या गुर्जर ने किया ट्रॉफी का अनावरण, देशभर के 200 से अधिक स्टार्टअप लेंगे भाग

 


जयपुर, 16 अप्रैल।

शहर में पहली बार देश का अनूठा ‘जयपुर चाय फेस्टिवल’ आयोजित होने जा रहा है। यह दो दिवसीय फेस्टिवल 27 और 28 अप्रैल को Rajasthan International Centre (आरआईसी) में आयोजित होगा, जिसमें देशभर के चाय, कॉफी और फूड स्टार्टअप हिस्सा लेंगे।

बुधवार को Tea Post Cafe में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फेस्टिवल की फाउंडर डायरेक्टर मोना शर्मा और शशांक वर्मा ने जानकारी दी। इस दौरान जयपुर नगर निगम—ग्रेटर की निवर्तमान महापौर सौम्या गुर्जर ने फेस्टिवल की ट्रॉफी का अनावरण किया।


फेस्टिवल में चाय कवि सम्मेलन मुख्य आकर्षण रहेगा, जिसकी थीम ‘चाय और इमोशन’ होगी। इसके अलावा चाय पर चर्चा, चाय रैप बैटल, फैशन शो और अवार्ड सेरेमनी जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक ही छत के नीचे 50 तरह की चाय बनाने का विशेष प्रयास किया जाएगा, साथ ही पेंटिंग्स और असम के चाय बागानों से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।




फेस्ट में लाइव चाय मेकिंग सेशन, हाई-टी कॉम्पिटिशन और टॉक शो आयोजित होंगे, जिनमें चाय वर्सेस कॉफी, चाय एंड पॉलिटिक्स, सोशल मीडिया ब्रांडिंग, कैफे कल्चर जैसे विषयों पर चर्चा होगी। विशेषज्ञ चाय बनाने और परोसने के सही तरीके सहित स्टार्टअप्स के विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।




फाउंडर मोना शर्मा ने बताया कि इस फेस्टिवल में 200 से अधिक स्टार्टअप भाग ले रहे हैं, जो अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे और युवाओं को नए बिजनेस आइडिया देंगे।

वहीं शशांक वर्मा ने बताया कि राजस्थान के प्रसिद्ध चाय स्टार्टअप जैसे साहू चाय, टपरी, गुलाब जी चाय, नमो तंदूरी, सम्राट, चाय लीला सहित कई उभरते ब्रांड्स अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। यहां नए और पुराने बिजनेस मॉडल्स पर चर्चा भी होगी।




किस्सों-कविताओं में चाय की बात

फेस्टिवल में देश का पहला चाय कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 20 कवि और कहानीकार चाय से जुड़ी अपनी रचनाओं के माध्यम से भावनाएं व्यक्त करेंगे।

फैशन शो में दिखेगा चाय का रंग

फेस्टिवल में अनूठा फैशन शो भी होगा, जिसमें चाय और कॉफी से बने डाईबल क्लॉथ, ब्रोकन क्रॉकरी से बनी ज्वैलरी और हैंडमेड ब्लू पॉटरी को रैंप पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें डिजाइनर नीतू बूतरा और नविता शर्मा अपनी डिजाइन पेश करेंगी।

अवार्ड सेरेमनी में होंगे सम्मानित स्टार्टअप्स

फेस्टिवल के अंत में भव्य अवार्ड सेरेमनी आयोजित की जाएगी, जिसमें बेस्ट चाय फ्रेंचाइजी, फीमेल स्टार्टअप, पॉपुलर ऑन सोशल मीडिया, पीपल्स चॉइस सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। साथ ही चाय की विरासत को आगे बढ़ाने वाले प्रतिष्ठित संस्थानों के फाउंडर्स और इन्फ्लुएंसर्स को भी सम्मानित किया जाएगा।

महिलाओं को मिलेगा मंच

फेस्टिवल के तहत वुमन्स क्लब द्वारा चाय और कैफे स्टार्टअप के नए मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे महिलाओं में उद्यमिता कौशल को बढ़ावा मिलेगा। शीर्ष पांच स्टार्टअप मॉडल्स को सम्मानित किया जाएगा।

Previous Post Next Post