जिला संघों के फीडबैक से क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर में होंगे बड़े सुधार: डॉ. मोहित जसवंत यादव

 


जयपुर, 16 अप्रैल। राजस्थान क्रिकेट में सुधार और विकास के लिए आरसीए एडहॉक कमेटी लगातार सक्रिय है। कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा कि राज्य के युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और उच्च स्तरीय क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए जिला क्रिकेट संघों के सुझावों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि कमेटी ने कार्यभार संभालते ही प्रदेश में क्रिकेट गतिविधियों को सुचारू करने, पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने और बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जयपुर स्थित सवाई मान सिंह स्टेडियम में आरसीए कार्यालय पर जिला क्रिकेट संघों के साथ समन्वय बैठक का पहला चरण आयोजित किया गया।

बैठक में चूरू, झुंझुनूं, दौसा और जयपुर सहित विभिन्न जिला क्रिकेट संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर, खेल इंफ्रास्ट्रक्चर, स्पोर्ट्स स्टाफ और क्रिकेट गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।

एडहॉक कमेटी सदस्य आशीष तिवाड़ी ने कहा कि कमेटी प्रदेश के सभी 33 जिला क्रिकेट संघों के साथ समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं, सदस्य अरिष्ट सिंघवी ने बताया कि आगामी 10 दिनों में शेष जिला क्रिकेट संघों के साथ भी बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर राज्य में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर और खेल वातावरण को और मजबूत किया जाएगा, ताकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।

Previous Post Next Post