जयपुर। जानकी नवमी के पावन अवसर पर सेवा भारती समिति की ओर से उच्च माध्यमिक बालिका आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय, अम्बाबाड़ी में 15वां सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस आयोजन में एक ही मंडप के नीचे 15 विभिन्न समाजों के 47 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सात फेरे लेकर वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें 7 अंतर्जातीय विवाह भी शामिल रहे।
विवाह समारोह से एक दिन पूर्व मेहंदी, हल्दी और महिला संगीत जैसे सभी पारंपरिक रीति-रिवाज पूरे उत्साह के साथ निभाए गए। सभी वधुओं को सेवा भारती समिति की ओर से एक जैसे भारी जरी वाले परिधान प्रदान किए गए, जबकि उनका श्रृंगार महिला मेकअप आर्टिस्ट्स द्वारा किया गया।
सोने-चांदी के बढ़ते दामों के बीच समिति द्वारा वधुओं को नथ, पायल, बिछुए और गले का सेट जैसे आभूषण भी प्रदान किए गए, जो आयोजन की विशेषता रहे।
समारोह में संत-महात्माओं का भी आशीर्वाद प्राप्त हुआ। श्री श्री 1008 श्री राम रीछपाल दास जी महाराज (त्रिवेणी धाम), वेदांती हरिशंकर दास जी महाराज (सियाराम दास की बगीची) और महा मंडलेश्वर मनोहरदास जी महाराज (चिंताहरण काले हनुमान मंदिर, मानसरोवर) ने वर-वधुओं को आशीर्वचन दिए।
इस आयोजन में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। प्रांत अध्यक्ष सुमन बंसल के नेतृत्व में महिला टीम ने व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। मंच संचालन महेंद्र भारती, नवल बगड़िया, गिरधारी लाल शर्मा, प्रताप सिंह राजावत, हरिकिशन गोयल, विष्णुदत्त शर्मा, हनुमान सिंह भाटी और एस.पी. शर्मा ने किया।
चिलचिलाती गर्मी के बावजूद सेवा भारती के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने परिवारिक भाव से इस आयोजन को सफल बनाया। नगर निगम द्वारा इस अवसर पर नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
समारोह में प्रांत प्रचारक बाबूलाल, प्रांत संगठन मंत्री द्वारका प्रसाद, सांसद मंजू शर्मा और बालमुकुंद आचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।





