जयपुर। राजस्थान यूनिवर्सिटी में राजस्थानी भाषा की मास्टर डिग्री की बढ़ी हुई फीस के विरोध में चल रहा छात्रों का आंदोलन आखिरकार शनिवार को समाप्त हो गया। पिछले छह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे छात्र-छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बाद स्थिति गंभीर हो गई, जिसके चलते प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को हस्तक्षेप करना पड़ा।
भूख हड़ताल के दौरान कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत पर नजर रखी और आवश्यक उपचार दिया।
इस दौरान विधायक गोपाल शर्मा ने राजस्थानी भाषा के लिए अलग विभाग बनाए जाने की मांग को भी उचित ठहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाने चाहिए.
छात्रों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो वे दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।









