जयपुर। जामडोली स्थित हैवा हैवन रिसोर्ट में आयोजित राजस्थान के प्रतिष्ठित ब्यूटी और पर्सनैलिटी पेजेंट "मिसेज राजस्थान 2026" का ग्रैंड फिनाले भव्यता और आकर्षण के साथ संपन्न हुआ। फ्यूजन ग्रुप एवं ग्रैंड सफारी के सहयोग से आयोजित इस समारोह में राज्यभर से आई प्रतिभागियों ने अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में करीब 1700 महिलाओं ने हिस्सा लिया था, जिनमें से चयनित टॉप-20 प्रतिभागियों ने ग्रैंड फिनाले के मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सिल्वर कैटेगरी में उमा मीना ने मिसेज राजस्थान 2026 का खिताब अपने नाम किया, जबकि गोल्ड कैटेगरी में श्वेता कंसाना विजेता बनीं।
सिल्वर कैटेगरी में नीतू राठौड़ फर्स्ट रनरअप, ख्याति पारीक सेकंड रनरअप, सावी शर्मा थर्ड रनरअप और मीनाक्षी विश्वास फोर्थ रनरअप रहीं। वहीं गोल्ड कैटेगरी में विनीता दीक्षित फर्स्ट रनरअप, अदिति चौधरी सेकंड रनरअप, पारुल शर्मा थर्ड रनरअप तथा भावना मीना फोर्थ रनरअप चुनी गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पवन गोयल, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, रविंद्र सिंह, आलोक शर्मा एवं एकता जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया। ग्रैंड ज्यूरी में सलोनी वर्मा, एकता जैन, अरशद हुसैन, रविंद्र सिंह, मुकेश मिश्रा, राघव गोयल और मिस ग्लोब इंडिया जैस्मीन राणा शामिल रहे।
फ्यूजन ग्रुप की डायरेक्टर निमिषा मिश्रा और योगेश मिश्रा ने बताया कि प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड्स में अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और रैंप वॉक का शानदार प्रदर्शन किया। पहले राउंड में मोनिका अडवाणी के रॉयल कलेक्शन को शोकेस किया गया, जबकि दूसरे राउंड में शेड्स की जस्सी छाबड़ा द्वारा तैयार किए गए कॉकटेल लुक ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में स्टार फ्लेम डांस ग्रुप की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। एंकर गौरव शर्मा ने अपने प्रभावशाली संचालन से पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा। शो की कोरियोग्राफी शाहरुख और सुधीर ने की, जबकि फाइनलिस्ट्स का मेकओवर जस्सी छाबड़ा द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के 20 सब-टाइटल भी प्रदान किए गए। साथ ही कुछ उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आगामी मिसेज एशिया प्रतियोगिता में डायरेक्ट एंट्री के लिए भी चयनित किया गया, जिनके नाम जल्द घोषित किए जाएंगे।