खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने किया दोस्ताना क्रिकेट मैच का शुभारंभ




जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) अकादमी में शुक्रवार को दूधिया रोशनी के बीच राजस्थान क्रिकेट संघ के 29 जिला क्रिकेट संघ प्रतिनिधियों के मध्य आयोजित दोस्ताना क्रिकेट मैच का शुभारंभ राजस्थान सरकार के खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने टॉस कर किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों और पदाधिकारियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

आरसीए एडहॉक कमेटी के संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने बताया कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ तथा सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक द्वारा आरसीए एडहॉक कमेटी को राज्य की क्रिकेट व्यवस्था को पुनः पटरी पर लाने एवं जिला क्रिकेट संघों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्रिकेट विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी उद्देश्य को लेकर कमेटी लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने बताया कि एडहॉक कमेटी समय-समय पर जिला क्रिकेट संघ प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर राज्य की क्रिकेट की रूपरेखा, विकास योजनाओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा करती रही है। इसी समन्वय श्रृंखला के तहत आरसीए अकादमी में यह विशेष मैत्री मैच आयोजित किया गया।

इस अवसर पर आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव, सदस्य आशीष तिवाड़ी, धनंजय सिंह खींवसर, अरिष्ट सिंघवी सहित राजस्थान क्रिकेट संघ के 29 जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। लंबे समय बाद आयोजित इस डे-नाइट दोस्ताना मैच ने क्रिकेट प्रतिनिधियों के बीच उत्साह और आपसी समन्वय को नई ऊर्जा प्रदान की।

Previous Post Next Post