जयपुर। भीषण गर्मी के मौसम में पशु-पक्षियों एवं आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में आर्मी एरिया में सेवा कार्य आयोजित किया गया।
इस सेवा अभियान के अंतर्गत 100 नल युक्त मटके लगाए गए तथा पक्षियों के लिए 150 परिंदे स्थापित किए गए। इस पहल का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान जल सेवा के माध्यम से मानवता, पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर अभय केसरी फाउंडेशन से अनुजा गोलेछा, शिवशक्ति कृपा फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष खुशबू सिंह एवं रोटरी क्लब जयपुर किंग्स से आनंद अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे भी अपने घरों एवं आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों और जरूरतमंद जीवों के लिए पानी की व्यवस्था अवश्य करें।
स्थानीय लोगों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए सभी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

