श्री पापड़ वाले हनुमान मंदिर में 17 मई से होगा 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ

 



जयपुर। विद्याधर नगर सेक्टर-8 स्थित प्रसिद्ध श्री पापड़ वाले हनुमान मंदिर प्रांगण में 17 मई 2026 से 25 मई 2026 तक नौ दिवसीय 108 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार एवं स्वाहा-स्वाहा की गूंज से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।


मंदिर के महंत तपोनिधि महामंडलेश्वर स्वामी श्री 1008 श्री रामसेवकदासजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस महायज्ञ का उद्देश्य विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं धर्म प्रचार बताया गया है। आयोजकों के अनुसार पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर यह विशेष आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा।




यज्ञ के अंतर्गत प्रतिदिन प्रातः 9:15 बजे से शाम 5:15 बजे तक वैदिक अनुष्ठान होंगे। 17 मई को सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगी। शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से रवाना होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी।


आयोजन समिति के अनुसार 18 मई से प्रतिदिन यज्ञ कार्यक्रम प्रारंभ होंगे तथा 25 मई को पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। महायज्ञ में देशभर से संत-महात्मा एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

यज्ञ समिति के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गुप्ता (सीए) ने बताया कि आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए समिति द्वारा व्यापक स्तर पर प्रबंध किए जा रहे हैं।

Previous Post Next Post