जयपुर करेगा BNI इंडिया नेशनल कॉन्फ्रेंस 2026 की मेजबानी




जयपुर। एंटरप्रेन्योरशिप और बिजनेस नेटवर्किंग के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जयपुर को BNI (बिजनेस नेटवर्क इंटरनेशनल) इंडिया नेशनल कॉन्फ्रेंस 2026 (INC2026) की मेजबानी का अवसर मिला है। यह प्रतिष्ठित आयोजन 16 और 17 मई 2026 को नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में BNI इंडिया के नेशनल डायरेक्टर हेम युवामा ने बताया कि पहली बार जयपुर इस राष्ट्रीय नेटवर्किंग सम्मेलन की मेजबानी करेगा, जिसे एशिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली बिजनेस नेटवर्किंग आयोजनों में गिना जाता है। दो दिवसीय इस कॉन्फ्रेंस में भारत और विदेशों से उद्यमी, इंडस्ट्री लीडर्स, प्रोफेशनल्स, स्टार्टअप फाउंडर्स और बिजनेस निर्णयकर्ता शामिल होंगे।



हेम युवामा ने कहा कि “INC2026 केवल एक कॉन्फ्रेंस नहीं, बल्कि एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जो व्यवसायों को जोड़ता है, भरोसेमंद रिश्ते बनाता है और दीर्घकालिक विकास के अवसर प्रदान करता है। जयपुर इस इंटरनेशनल बिजनेस नेटवर्किंग इवेंट की मेजबानी के लिए एक आदर्श डेस्टिनेशन साबित होगा।”



BNI दुनिया का सबसे बड़ा बिजनेस नेटवर्किंग और रेफरल ऑर्गेनाइजेशन है, जो 76 देशों में कार्यरत है। संस्था के 11,728 से अधिक चैप्टर्स में 355,500 से ज्यादा सदस्य जुड़े हुए हैं। पिछले 12 महीनों में BNI सदस्यों ने विश्वभर में 17.9 मिलियन रेफरल्स के माध्यम से लगभग 26 बिलियन अमेरिकी डॉलर का व्यवसाय किया है।

आयोजन में बिजनेस विकास, नेतृत्व, नवाचार, नेटवर्किंग और उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित होंगे। कॉन्फ्रेंस में इंटरैक्टिव पैनल डिस्कशन, बिजनेस ग्रोथ सेशन, स्पेशल नेटवर्किंग मीट्स और स्टार्टअप इनोवेशन शोकेस भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

BNI जयपुर रीजन, जिसने वर्ष 2017 में राजस्थान में अपनी शुरुआत की थी, आज राज्य के सबसे सक्रिय बिजनेस नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म्स में से एक बन चुका है। आयोजकों का मानना है कि INC2026 जयपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिजनेस नेटवर्किंग और उद्यमिता के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करेगा।

कॉन्फ्रेंस की प्रमुख विशेषताओं में देश-विदेश के बिजनेस लीडर्स और APAC प्रतिनिधियों की भागीदारी, नेटवर्किंग सत्र, बिजनेस ग्रोथ चर्चाएं तथा उद्यमिता को बढ़ावा देने वाले विशेष कार्यक्रम शामिल रहेंगे।

Previous Post Next Post