जयपुर। सनातन संस्कृति, गौ संरक्षण और नारी शक्ति के संदेश के साथ 151 महिलाओं की “श्री अयोध्या धाम महिला श्रद्धा यात्रा–2026” शुक्रवार को टोंक रोड सांगानेर स्थित पिंजरापोल गौशाला से जयकारों के बीच रवाना हुई। अखिल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद एवं लाडो अपनी बचत घर योजना महिला सहकारी समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय यात्रा का नेतृत्व मोनिका गुप्ता ने किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भजन-कीर्तन, सत्संग एवं प्रसादी की विशेष व्यवस्था की गई है। मार्ग में दौसा स्थित हनुमान मंदिर में दर्शन एवं धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रतिनिधिमंडल 16 मई को अयोध्या धाम पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और कनक भवन सहित प्रमुख मंदिरों के दर्शन करेगा। वहीं 17 मई को प्रयागराज संगम स्नान एवं गोवर्धन महाराज के दर्शन के बाद यात्रा जयपुर लौटेगी।
इस आयोजन को सफल बनाने में दीपेन्द्र सिंह, रसिक जाट सहित समस्त स्टाफ और वॉलंटियर्स का विशेष सहयोग रहा। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यात्रा में सहयोग प्रदान करने के लिए सनराइज इम्पेक्स की प्रोपराइटर संगीता गौड़ एवं सनराइज एग्रीलैंड रिसर्च प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर प्रशांत चतुर्वेदी का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल, भाजपा सांगानेर प्रभारी श्रीप्रकाश तिवारी तथा रिटायर्ड एआरएम रोडवेज सी.पी. चतुर्वेदी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।






