जयपुर। मदर्स डे के अवसर पर साहस फाउंडेशन एवं सरस्वती प्रिंटिंग इंडस्ट्रीज की ओर से एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मंदबुद्धि बच्चों की माताओं को अनूठे अंदाज में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व, शिक्षा और सामाजिक सेवा को समर्पित कई प्रेरणादायक क्षण देखने को मिले।
आयोजक डेंजील नेजरथ ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सीबीएसई/आरबीएसई 2026 के टॉपर्स अवॉर्ड का भी आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन समारोह की संरक्षिका निर्मला जैन बैराठी एवं मुख्य अतिथि बसंत जैन बैराठी के साथ शिक्षाविद् श्रीमती रमा दत्त, सबिता नायर, भीम सिंह, सिस्टर अरोकिया, संजय योगी, ओपी राजपुरोहित सहित सभागार में उपस्थित लगभग 50 माताओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर सुनीता सोनी, शगुन वर्मा, पूनम दास, सुनैना बारी, काजल सैनी, सरिता सोनी, विभूति राजावत, शुद्धि सैनी, अमिता गर्ग, निदेशक उपशिक्षक, नीरू शर्मा (मिसेज कर्नाटक), अर्चना डिडवानिया, रितु यादव, रविंद्र यादव की पुत्री, पैलेस स्कूल की 79 स्वर्ण पदक विजेता जूही, वीबी जैन, साइंस पार्क के अमर सिंह, प्रिया शर्मा, सुनीता एवं मूल सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बसंत जैन ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रतिदिन मातृत्व दिवस के समान होता है, लेकिन बदलते समय में शिक्षा और व्यवसाय के कारण बच्चे प्रदेश और विदेशों में रहने लगे हैं, जिससे मदर्स डे का महत्व और अधिक बढ़ गया है।
समारोह का मुख्य आकर्षण यह रहा कि सभी टॉपर विद्यार्थी अपनी माताओं के साथ उपस्थित थे और मंच से अपनी मां को मातृ दिवस की शुभकामनाएं दे रहे थे। कार्यक्रम में सबसे बड़ा दल सोफिया स्कूल घाट गेट एवं स्प्रिंग फील्ड स्कूल का रहा। उल्लेखनीय है कि सोफिया स्कूल इस वर्ष अपने 100 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव भी मना रहा है।




































