राजस्थान में पहली बार बच्चों के लिए लाइफसेवर ट्रेनिंग समर कैंप, पार्षद जय वशिष्ठ ने किया “MISSION DHADKAN” पोस्टर का विमोचन बच्चों को सिखाए जाएंगे फर्स्ट एड, बेसिक लाइफ सपोर्ट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स के गुर

 


जयपुर, 15 मई 2026। जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 81 में बच्चों और किशोरों को स्वास्थ्य सुरक्षा एवं जीवनरक्षक कौशलों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक अनूठी पहल की गई है। पार्षद जय वशिष्ठ ने शुक्रवार को “MISSION DHADKAN – Junior Lifesaver Summer Camp” के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर समीक्षा जैन, सचिव जय युवा संस्थान संघ एवं सीईओ दिव्यांग रसोई भी उपस्थित रहीं।

पार्षद जय वशिष्ठ ने बताया कि यह समर कैंप वार्ड नंबर 81 निवासी डॉ. सौरभ जैन (166, पृथ्वीराज नगर, दुर्गापुरा) की प्रेरणादायक पहल है, जिसके माध्यम से 8 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के बच्चों और किशोरों को स्वास्थ्य संबंधी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल एक समर कैंप नहीं, बल्कि बच्चों को जिम्मेदार, जागरूक और आत्मनिर्भर नागरिक बनाने की दिशा में एक सकारात्मक अभियान है।

उन्होंने कहा कि आज के समय में प्राथमिक उपचार और आपातकालीन सहायता की जानकारी हर व्यक्ति के लिए आवश्यक है। ऐसे में यदि बचपन से ही बच्चों को इन जीवनोपयोगी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाए तो वे भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय समझदारी और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकेंगे।

समीक्षा जैन ने बताया कि “Mission Dhadkan – Junior Lifesaver Summer Camp” का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और उन्हें जीवनरक्षक तकनीकों से परिचित कराना है। इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को फर्स्ट एड (First Aid), बेसिक लाइफ सपोर्ट (Basic Life Support) तथा इमरजेंसी रिस्पॉन्स जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां विशेषज्ञों द्वारा दी जाएंगी। साथ ही उन्हें यह भी सिखाया जाएगा कि किसी दुर्घटना या अचानक स्वास्थ्य खराब होने की स्थिति में तुरंत सहायता कैसे प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि यह राजस्थान में अपनी तरह का पहला अभिनव समर कैंप है, जो बच्चों को केवल ज्ञान ही नहीं बल्कि मानवता और सेवा की भावना से भी जोड़ने का कार्य करेगा।

पार्षद जय वशिष्ठ ने वार्ड के सभी अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिक से अधिक पंजीकरण करवाएं और उन्हें इस अनूठे प्रशिक्षण का हिस्सा बनाकर एक सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहभागी बनें।

Previous Post Next Post