जयपुर, 5 जून। राजस्थान की राजधानी जयपुर में परिवहन और ऑटोमोबाइल उद्योग के सबसे बड़े आयोजनों में से एक ट्रक ट्रेलर एंड टायर (टीटीटी) एक्सपो के 10वें संस्करण और ऑटोटेक्निका के चौथे संस्करण का शुक्रवार को भव्य शुभारंभ हुआ। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में आयोजित यह तीन दिवसीय एक्सपो 7 जून तक चलेगा।
मीडिया डे द्वारा आयोजित और रामकृष्णा फोर्जिंग्स प्रायोजित इस एक्सपो को एशिया के सबसे बड़े वाणिज्यिक वाहन, ट्रेलर और परिवहन उपकरण प्रदर्शनों में शामिल किया जाता है। उद्घाटन समारोह में परिवहन और ऑटोमोबाइल क्षेत्र से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से उद्योग से जुड़े लोगों को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और बाजार में आ रहे नए उत्पादों की जानकारी मिलती है, जिससे व्यवसाय को मजबूती मिलती है।
मीडिया डे मार्केटिंग, हैदराबाद के मैनेजिंग डायरेक्टर राम सौंदलकर ने बताया कि एक्सपो में आने वाले आगंतुकों को उद्योग विशेषज्ञों, निर्माताओं और सप्लायर्स से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा। इससे परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र की चुनौतियों और उनके समाधान को समझने में मदद मिलेगी।
100 से अधिक प्रदर्शक, अत्याधुनिक तकनीक का प्रदर्शन
एक्सपो में 100 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें टाटा मोटर्स, जैन ऑटोमार्ट, जमुना ऑटो इंडस्ट्रीज, रामकृष्णा फोर्जिंग्स, गंगानगर मोटर्स, ट्रेलर कंट्रोल सिस्टम्स, एचडी ट्रेलर्स, टोलिन्स टायर्स, जोस्ट और व्हील्स इंडिया जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
प्रदर्शनी में ट्रक, ट्रेलर, टिपर, टैंकर, टायर, ब्रेकिंग सिस्टम, एक्सल, बैटरी टेक्नोलॉजी, जीपीएस नेविगेशन सिस्टम, लुब्रिकेंट्स, कूलेंट्स, एसी टेक्नोलॉजी, लाइटिंग सिस्टम और अन्य आधुनिक ऑटोमोबाइल तकनीकों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
जहां ट्रक ट्रेलर एंड टायर एक्सपो का फोकस परिवहन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर है, वहीं ऑटोटेक्निका में ऑटोमोटिव आफ्टरमार्केट, गैरेज उपकरण, दोपहिया एवं तिपहिया वाहन और ऑटोमोबाइल एक्सेसरीज़ को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है।
उद्योग जगत का व्यापक समर्थन
इस आयोजन को राजस्थान ऑटो डीलर्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन, ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी), ऑल India Transporters Welfare Association (AITWA), Builders Association of India (BAI) और Federation of Indian Mineral Industries (FIMI) सहित कई राष्ट्रीय संगठनों का समर्थन प्राप्त है।
मुफ्त प्रवेश, आईफोन जीतने का मौका
उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक्सपो में प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। आयोजकों के अनुसार छोटे फ्लीट मालिकों, डीलरों, वितरकों और मैकेनिकों को आयोजन में भाग लेने पर आईफोन जीतने का विशेष अवसर भी मिलेगा।
सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहने वाला यह आयोजन ट्रांसपोर्टरों, फैब्रिकेटरों, गैरेज संचालकों, ऑटोमोबाइल डीलरों, वितरकों, मैकेनिकों और ऑटोमोबाइल उद्योग से जुड़े पेशेवरों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।



