जयपुर में बड़ी कार्रवाई: 1300 किलो खाद्य सामग्री जब्त, 450 किलो एक्सपायरी माल नष्ट मिलावट के खिलाफ अभियान के तहत गोल्यावास स्थित ग्रोसरी फर्म पर छापा, कई अनियमितताएं उजागर

 


जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाए जा रहे "शुद्ध आहार मिलावट पर वार" अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर के गोल्यावास क्षेत्र में स्थित मैसर्स आइकर्ट पर बड़ी कार्रवाई की। संयुक्त टीम ने फर्म के विभिन्न गोदामों का निरीक्षण कर 1300 किलो खाद्य सामग्री जब्त की तथा 450 किलो एक्सपायरी आटा और दाल मौके पर ही नष्ट करवाई।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह के नेतृत्व में केंद्रीय दल एवं सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने कार्रवाई करते हुए पाया कि दाल और चावल के कई कट्टों पर पैकिंग तिथि अंकित नहीं थी और इन्हें बाजार में सप्लाई के लिए भेजा जा रहा था। मौके से मसूर दाल और चावल के नमूने लेकर 22 कट्टों को सीज किया गया।





निरीक्षण के दौरान फल एवं सब्जी सेक्शन के कोल्ड रूम में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। यहां कर्मचारी जूते-चप्पल पहनकर काम कर रहे थे, अत्यधिक गंदगी थी और फल-सब्जियां सीधे फर्श पर रखी हुई थीं। वहीं होटल-रेस्टोरेंट सामग्री के गोदाम में नॉन डेयरी क्रीम, मेयोनीज, केचअप और सॉस जैसी खाद्य सामग्री बिना पैलेट के फर्श पर रखी मिली। टीम ने नॉन डेयरी क्रीम के दो नमूने लेकर 950 बोतलों वाले 24 कार्टन सीज किए।

कन्फेक्शनरी गोदाम में बाजार से लौटाया गया भारी मात्रा में एक्सपायरी माल भी मिला, जिसे तत्काल निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। कार्रवाई के दौरान कुल सात खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जाएगा।

Previous Post Next Post