जयपुर। हाल ही में मिस यूनिवर्स राजस्थान 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर चर्चा में आईं श्रीगंगानगर की अंशिका चौधरी अब अपने अगले बड़े लक्ष्य मिस यूनिवर्स इंडिया की तैयारी में जुट गई हैं। राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर राजस्थान का ताज अपने नाम करने वाली अंशिका का कहना है कि अब उनका पूरा फोकस राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर है, जहां वह राजस्थान की संस्कृति, विरासत और पहचान का प्रतिनिधित्व करेंगी।
22 वर्षीय अंशिका चौधरी ने एक विशेष बातचीत में बताया कि मिस यूनिवर्स राजस्थान 2026 का खिताब जीतना उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, लेकिन वह इसे अपनी मंजिल नहीं बल्कि एक नई शुरुआत मानती हैं। उनका लक्ष्य अब राष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का नाम रोशन करना है।
वर्तमान में अंशिका अपनी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारियों में व्यस्त हैं। इसके लिए वह फिटनेस, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स, कैटवॉक और स्टेज प्रेजेंस पर लगातार काम कर रही हैं। उनका मानना है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में सफलता के लिए केवल प्रतिभा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, मेहनत और मानसिक दृढ़ता भी बेहद जरूरी है।
“मैं चाहती हूं कि जब मैं मिस यूनिवर्स इंडिया के मंच पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करूं, तब मेरी पहचान केवल एक प्रतियोगी के रूप में नहीं बल्कि राजस्थान की संस्कृति और महिला शक्ति की प्रतिनिधि के रूप में हो। मेरा सपना है कि मैं मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतकर राजस्थान और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करूं।”
अब अंशिका चौधरी की नजरें राष्ट्रीय ताज पर टिकी हैं और राजस्थान को उनसे काफी उम्मीदें हैं। यदि उनका यह सफर इसी तरह आगे बढ़ता रहा, तो वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर राजस्थान की मजबूत पहचान बन सकती हैं।








