विकसित राजस्थान-2047 का रोडमैप पेश, 2029 तक 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनेगा राजस्थान: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा



नई दिल्ली/जयपुर, 11 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की शासी परिषद की 11वीं बैठक में राजस्थान के विकास का विजन और ‘विकसित राजस्थान-2047’ का रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा शक्ति, निवेश संवर्धन, कृषि समृद्धि, महिला सशक्तीकरण और सुशासन को केंद्र में रखकर राजस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने निवेश प्रोत्साहन के लिए 35 से अधिक नई नीतियां लागू की हैं। प्रदेश में अब तक 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश संबंधी एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं, जिनमें से 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 तक राजस्थान को 350 बिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान की 63 प्रतिशत युवा आबादी राज्य के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। ‘माय भारत’ अभियान के तहत 18 लाख युवाओं के पंजीकरण के साथ राजस्थान देश में दूसरे स्थान पर है। युवाओं को रोजगार और कौशल विकास से जोड़ने के लिए राजस्थान कौशल नीति-2025, युवा नीति-2025 और रोजगार नीति-2026 लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 2.19 करोड़ बीमा पॉलिसियां जारी की गई हैं, जबकि पीएम-कुसुम योजना के अंतर्गत 723 मेगावाट क्षमता की 496 सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की गई हैं। इन दोनों क्षेत्रों में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है।

महिला सशक्तीकरण को राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री पोषण योजना में राजस्थान लगातार दो वर्षों से देश में प्रथम स्थान पर रहा है।

सुशासन के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘राज उन्नति’ प्लेटफॉर्म के जरिए 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक लागत की 42 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की जा चुकी है। वहीं, ‘संपर्क पोर्टल’ पर शिकायतों के निस्तारण की औसत अवधि 28 दिन से घटकर 14 दिन रह गई है और 98 प्रतिशत से अधिक शिकायतों का समाधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में भी प्रभावी कार्य कर रही है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक करीब 20 करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राजस्थान ‘विकसित राजस्थान-2047’ के संकल्प को साकार करते हुए विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।


Previous Post Next Post