जयपुर, 12 जून। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुहाना मंडी स्थित एक प्रतिष्ठान से लगभग 3640 किलो सरसों तेल सीज किया है। कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान के निर्देश पर की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि फूड सेफ्टी टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स कमल एंड कंपनी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग द्वारा सप्लाई किए गए टैगोर ब्रांड एवं विधि ब्रांड सरसों तेल के रंग और खुशबू में संदिग्धता पाए जाने पर मिलावट की आशंका हुई।
टीम ने दोनों ब्रांडों के नमूने जांच के लिए लेकर लगभग 3640 किलो सरसों तेल को जांच रिपोर्ट आने तक बिक्री पर रोक लगाते हुए सीज कर दिया। संबंधित फर्म संचालक को अग्रिम आदेश तक तेल का विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान टैगोर ब्रांड के 90 टीन, 5 लीटर के 80 जार, 2 लीटर के 240 जार, 1 लीटर के 600 जार और आधा लीटर के 480 जार सीज किए गए। वहीं विधि ब्रांड के 22 टीन, 1 लीटर के 120 जार और आधा लीटर के 240 जार भी सीज किए गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों ब्रांड का सरसों तेल जयपुर के आकेड़ा डूंगर, लक्ष्मीनारायणपुरा और वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र स्थित मैसर्स गोयल ऑयल उद्योग में तैयार किया गया था। विभाग के अनुसार टैगोर ब्रांड सरसों तेल के नमूने पूर्व में भी मिलावटी पाए जा चुके हैं।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान और राजेश नागर शामिल रहे।

