एमडी ड्रग फैक्ट्री के सरगना पर पुलिस का बुलडोजर एक्शन, बाड़मेर में अवैध आशियाना ध्वस्त

 


जयपुर/बाड़मेर, 19 जून। राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बाड़मेर में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले कुख्यात तस्कर के अवैध मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में सरकारी भूमि पर बने इस अवैध निर्माण को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश और जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई सेडवा थाना क्षेत्र के सिंहार गांव में की गई। जिला पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस थाना सेडवा में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में अवैध एमडी ड्रग फैक्ट्री संचालित करने वाले मुख्य आरोपी अरबाब खां पुत्र मूसा को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में उसका पुत्र करीम खां अभी भी वांछित है और पुलिस की निगरानी में है।

जांच में सामने आया कि तस्करी से अर्जित धन के बल पर आरोपियों ने ग्राम सिंहार में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का मकान बना रखा था। पुलिस द्वारा अवैध निर्माण की रिपोर्ट उपखंड मजिस्ट्रेट को भेजने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के आदेश जारी किए गए।





पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य के नेतृत्व में विशेष पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं उपखंड मजिस्ट्रेट बद्रीनारायण, तहसीलदार जोताराम मीणा, उप तहसीलदार महेन्द्र सिंह तथा अन्य राजस्व अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और बुलडोजर की सहायता से अवैध मकान को ध्वस्त कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रहा ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर अतिक्रमण की पुष्टि करते हुए निर्माण को हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

नशा तस्करों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

एसपी चूनाराम जाट ने कहा कि बाड़मेर पुलिस द्वारा नशा तस्करों, अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध से अर्जित संपत्तियों और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों की अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि समाज में कानून का राज स्थापित हो सके और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

Previous Post Next Post