जयपुर, 19 जून। बदलते औद्योगिक परिदृश्य में श्रम कानूनों को सरल और प्रभावी बनाने की दिशा में किए गए सुधार उद्योगों के लिए नई संभावनाएं लेकर आए हैं। नए लेबर कोड्स को समझना और उनका प्रभावी क्रियान्वयन केवल कानूनी अनुपालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठनों की कार्यक्षमता, जोखिम प्रबंधन और भविष्य के लिए तैयार कार्यस्थल के निर्माण से भी जुड़ा हुआ है।
यह बात PwC इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव वर्मा ने कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) राजस्थान द्वारा जयपुर में आयोजित नए लेबर कोड्स पर विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कही।
गौरव वर्मा ने कहा कि प्रत्येक संगठन के लिए इन लेबर कोड्स की गहन समझ आवश्यक है, ताकि वे नियामकीय अनुपालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ एक निष्पक्ष, पारदर्शी और आधुनिक कार्य संस्कृति विकसित कर सकें।
सत्र में PwC के एसोसिएट डायरेक्टर अक्षय पुरोहित ने नए श्रम कानूनों के व्यावहारिक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उद्योगों को किन प्रमुख क्षेत्रों में तैयारी करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के नियोक्ताओं के लिए इन सुधारों के अनुरूप अपनी नीतियों और प्रक्रियाओं को समय रहते ढालना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में CII राजस्थान के MSME एवं पॉलिसी एडवोकेसी पैनल के कन्वीनर तथा अग्रसेन इंजीनियरिंग इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नमित अग्रवाल ने सभी वक्ताओं एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि श्रम सुधार भारत में आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और श्रमिक कल्याण को नई दिशा देने वाले महत्वपूर्ण कदम हैं तथा उद्योग जगत को इन परिवर्तनों के प्रति जागरूक करना समय की आवश्यकता है।
CII राजस्थान के सीनियर डायरेक्टर एवं हेड नितिन गुप्ता ने बताया कि सत्र का उद्देश्य उद्योगों को नए लेबर कोड्स की विस्तृत जानकारी प्रदान करना और उनसे जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा करना था।
कार्यक्रम के अंत में MSME एवं पॉलिसी एडवोकेसी पैनल के को-कन्वीनर तथा शेरडेल परफेक्ट स्प्रिंग्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अर्जुन बहेती ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
सत्र में प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों से जुड़े 90 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और श्रम सुधारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।



