शहरी सेवा शिविर आमजन की समस्याओं का अंतिम पड़ाव बन रहे हैं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 



जयपुर, 15 जून। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सांगानेर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन से संवाद कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा शिविरों के संबंध में फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन करते हुए नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, सड़क मरम्मत, पेचवर्क, स्ट्रीट लाइट सुधार, भवन निर्माण स्वीकृति और सीवर कनेक्शन सहित विभिन्न सेवाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को परिवेदनाओं और लंबित प्रकरणों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। ये शिविर नागरिकों की समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।


इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति पत्र एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए। साथ ही विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण भी प्रदान किए।

शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर सरकार की जनकल्याणकारी पहलों के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर विकास प्राधिकरण, जिला प्रशासन, जयपुर नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post