भवानीपुर की जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण और परिश्रम की जीत : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

 



जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर पश्चिम बंगाल के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के काउंटिंग एजेंटों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सफलता पर मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विजय भाजपा कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, संगठन के प्रति समर्पण, जनसेवा की भावना और अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं और उनकी मेहनत ही जनता का विश्वास जीतने का आधार बनती है।



मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सफलता कार्यकर्ताओं के जज्बे, संघर्षशीलता और संगठनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनहित, सुशासन और विकास की विचारधारा के प्रति जनता का समर्थन लगातार बढ़ता रहेगा।

इस दौरान राजेन्द्र राठौड़ ने बताया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान विजय के लिए राजस्थान के आस्था केंद्र सालासर बालाजी एवं खाटूश्यामजी से मन्नत मांगी गई थी। चुनाव में सफलता मिलने के बाद भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं एवं काउंटिंग एजेंटों ने राजस्थान पहुंचकर सालासर बालाजी धाम और खाटूश्यामजी धाम में दर्शन-पूजन कर अपनी मन्नत पूर्ण की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व, संगठन के प्रति उनके मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं को निरंतर प्रोत्साहित करने के लिए आभार व्यक्त किया। मुलाकात के दौरान पश्चिम बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने चुनावी अनुभव साझा किए तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

Previous Post Next Post