बंजारा समाज को मिले राजनीतिक प्रतिनिधित्व, भाजपा नेतृत्व तक पहुंचाई मांग

 




नई दिल्ली/जयपुर। अखिल भारतीय बंजारा सेवा संघ राजस्थान के युवा प्रदेश अध्यक्ष ने नई दिल्ली स्थित बिहार निवास में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात कर बंजारा समाज की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर बड़त्या ने डॉ. पासवान का राजस्थानी साफा पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।

मुलाकात के दौरान सूरजपाल बड़त्या ने कहा कि बंजारा समाज आज भी अपने वास्तविक हक और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में बंजारा समाज भाजपा के साथ लंबे समय से जुड़ा रहा है और पार्टी के प्रति अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि समाज सदैव भाजपा समर्थक रहा है, इसलिए अब समय आ गया है कि बंजारा समाज को सत्ता और संगठन में समान भागीदारी का अवसर दिया जाए।

बड़त्या ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू कल्याण बोर्ड के गठन का प्रस्ताव है। उन्होंने मांग की कि इस बोर्ड के अध्यक्ष पद पर बंजारा समाज को प्राथमिकता दी जाए। उनका कहना था कि राजस्थान में बंजारा समाज की आबादी लगभग 22 लाख है, लेकिन अब तक समाज को बोर्ड अध्यक्ष बनने का अवसर नहीं मिला है।

उन्होंने कहा कि इस बार बंजारा समाज को उम्मीद है कि भाजपा सरकार और संगठन समाज को उचित सम्मान एवं प्रतिनिधित्व प्रदान करेंगे। बंजारा समाज पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और समर्थन को देखते हुए सम्मानजनक भागीदारी की अपेक्षा रखता है।

इस पर डॉ. संजय पासवान ने बंजारा समाज की मांगों को गंभीरता से उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे समाज की मांगों को भाजपा आलाकमान के समक्ष रखेंगे तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री से भी चर्चा कर बंजारा समाज को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का प्रयास करेंगे।

Previous Post Next Post