डिजिदुकान से डिजिटल व्यापार को मिलेगा नया आयाम, मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

 

जयपुर, 19 जून। मुख्यमंत्री ने जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘ONDC डिजिदुकान’ एप का शुभारंभ करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार तकनीक आधारित सुशासन, व्यापार सुगमता और निवेश संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप राजस्थान में व्यापार का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है और डिजिदुकान छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को नए बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार यूपीआई ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में क्रांति लाई है, उसी तरह ओएनडीसी डिजिटल व्यापार को नई दिशा दे रहा है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से स्थानीय व्यापारी करोड़ों डिजिटल खरीदारों तक पहुंच बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि डिजिदुकान से जुड़कर किराना व्यापारी अपनी लागत कम कर सकेंगे, समय की बचत होगी तथा लाभ में वृद्धि होगी। साथ ही वितरकों को डिजिटल ऑर्डर और डिजिटल कलेक्शन जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी, जिससे व्यापार अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनेगा।




उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्राहक, भुगतान और आपूर्ति प्रणाली तेजी से डिजिटल हो रही है। ऐसे में छोटे व्यापारियों का भी तकनीक के साथ कदमताल करना आवश्यक है। राजस्थान के व्यापारी अपनी मेहनत, ईमानदारी और उद्यमशीलता के लिए देश-दुनिया में पहचान रखते हैं और अब उन्हें डिजिटल तकनीकों को अपनाकर अपने कारोबार का विस्तार करना चाहिए।



मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ‘राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट’ के माध्यम से 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं, जिनमें से लगभग 9 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का ग्राउंड ब्रेकिंग कार्य शुरू हो चुका है। व्यापारिक सुगमता के लिए राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी-2025 सहित 35 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं।





उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार व्यापारियों के हितों की रक्षा और व्यापार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों को अपनाकर नए अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।



मुख्यमंत्री ने डिजिटल इंडिया अभियान की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यूपीआई, डिजी-लॉकर, जीएसटी नेटवर्क, जनधन और डीबीटी जैसी पहलों ने भारत को दुनिया की सबसे तेजी से उभरती डिजिटल अर्थव्यवस्थाओं में शामिल किया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान और तकनीक आधारित सेवाएं विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष , विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post