जोधपुर में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा की अपराध समीक्षा बैठक, ड्रग माफिया की संपत्ति जब्त करने के निर्देश सीमावर्ती जिलों में बढ़ेगी निगरानी, महिलाओं और कमजोर वर्ग की सुरक्षा पर विशेष जोर

 



जयपुर, 6 जून। राजस्थान के महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) ने शनिवार को जोधपुर रेंज कार्यालय में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जोधपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने भाग लिया।

बैठक में डीजीपी ने रेंज में हाल ही में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संगठित अपराधों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से ड्रग माफिया और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने, सरगनाओं के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने तथा अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने पर जोर दिया।

महिला और बाल सुरक्षा को प्राथमिकता

डीजीपी शर्मा ने महिला, बालक एवं कमजोर वर्गों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विभिन्न सुरक्षा एवं जागरूकता अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी बल दिया।

सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी चौकसी

जोधपुर रेंज के कई जिले अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़े होने के कारण बैठक में सीमा सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। डीजीपी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पुलिस तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने तथा कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों, तस्करी और घुसपैठ जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर जनसहयोग को बढ़ाया जाए।

नए आपराधिक कानूनों का करें प्रभावी उपयोग

बैठक के समापन पर डीजीपी ने अधिकारियों से कहा कि देश में लागू नए आपराधिक कानून पुलिस को अधिक प्रभावी कार्रवाई के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान उपलब्ध कराते हैं। इन कानूनों का सख्ती और समझदारी के साथ उपयोग कर राजस्थान पुलिस के ध्येय वाक्य "आमजन में विश्वास, अपराधियों में भय" को धरातल पर पूरी तरह साकार किया जाए।

बैठक में जोधपुर रेंज के महानिरीक्षक पुलिस सहित जोधपुर ग्रामीण, फलोदी, बालोतरा, पाली, बाड़मेर, जैसलमेर, सिरोही और जालौर जिलों के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।

Previous Post Next Post