रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा गया कांस्टेबल, एसीबी की कोटा में बड़ी कार्रवाई

 



जयपुर/कोटा, 18 जून। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने कोटा में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी कांस्टेबल एक कथित झूठे मामले में समझौता कराने की एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग कर रहा था।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी कोटा इकाई को शिकायत मिली थी कि परिवादी के पुत्र के खिलाफ उद्योग नगर थाने में पड़ोसियों द्वारा झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। मामले की जांच के दौरान उद्योग नगर थाने में तैनात कांस्टेबल हरिओम ने प्रकरण को रफा-दफा करने के नाम पर परिवादी से 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी कांस्टेबल ने बातचीत के दौरान परिवादी की जेब से जबरन 5 हजार रुपये निकाल लिए और शेष राशि देने के लिए लगातार दबाव बनाता रहा।

शिकायत मिलने पर एसीबी कोटा रेंज के उपमहानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई और बाद में 8 हजार रुपये लेने पर सहमति जताई गई।

इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक अनीस अहमद के नेतृत्व में गठित ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कांस्टेबल हरिओम को पुलिस थाना उद्योग नगर, कोटा शहर के बाहर परिवादी से 7 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों की सूचना टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 एवं व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर देने की अपील की है। ब्यूरो ने आश्वस्त किया है कि शिकायतकर्ताओं की सहायता करते हुए उनके वैध कार्यों को करवाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

Previous Post Next Post