जयपुर।
भारत रत्न से सम्मानित, किसानों के मसीहा एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) राजस्थान की ओर से राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में एक भव्य समारोह का आयोजन जयपुर स्थित पिंक सिटी प्रेस क्लब सभागार में किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता RLD राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष श्री जोगिंदर सिंह अवाना ने की। समारोह में किसानों के अधिकार, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर सार्थक, सकारात्मक और विचारोत्तेजक संवाद हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) श्री त्रिलोक त्यागी एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी एवं भामाशाह श्री विजय पूनिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्य अतिथि श्री त्रिलोक त्यागी ने भारत रत्न स्व. चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री त्रिलोक त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. चौधरी चरण सिंह ने “ग्रामीण भारत ही असली भारत है” का नारा देकर देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब का स्पष्ट मानना था कि देश का वास्तविक विकास खेत-खलिहानों से होकर गुजरता है।
उन्होंने किसानों, मजदूरों और गरीबों के हितों को हमेशा सर्वोपरि रखा और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का कार्य किया।
त्रिलोक त्यागी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने गांवों में शौचालय की आवश्यकता को सबसे पहले राष्ट्रीय स्तर पर उठाया और काम के बदले अनाज जैसी योजनाओं की शुरुआत की। किसान हितों के लिए उन्होंने गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद का भी त्याग किया, जो उनके सिद्धांतों और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि RLD आज भी NDA गठबंधन के साथ रहते हुए किसानों, मजदूरों और गरीबों की आवाज को मजबूती से उठाती रही है। अब समय आ गया है कि गांव-गांव जाकर चौधरी चरण सिंह के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुँचाया जाए।
उन्होंने घोषणा की कि आगामी समय में RLD राजस्थान के सभी जिलों में चौधरी चरण सिंह के विचारों पर संगोष्ठियों का आयोजन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह अवाना ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने बताया कि चौधरी चरण सिंह की जयंती के अवसर पर यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी जिलों में सात दिवसीय अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में युवा नेता सुरजीत चौधरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्व. चौधरी चरण सिंह के किसान हितैषी कार्यों को याद करते हुए उनके विचारों को आज के समय में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया।



