जयपुर। Rajasthan Rifle Association की ओर से 14 फरवरी 2026 को जगतपुरा स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में साइड बाय साइड किशनगढ़ ट्रॉफी एवं जयपुर नाइट शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के साथ वर्ष 2025 के राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों का सम्मान समारोह भी आयोजित होगा।
एसोसिएशन द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक साइड बाय साइड किशनगढ़ ट्रॉफी 2026 का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में विजेता वर्ग के प्रतिभागियों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 15 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 10 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 7,500 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
शाम 4 बजे ओएसिस शूटिंग रेंज में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता वर्ष 2025 के खिलाड़ियों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्य सरकार एवं खेल संगठनों से जुड़े कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे, जो खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
इसके पश्चात शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक जयपुर नाइट शूटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में ट्रैप, स्कीट और डबल ट्रैप स्पर्धाएं होंगी। इसमें भी विजेताओं को नगद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान पर 11 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 5 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 2,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
एसोसिएशन का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में शूटिंग खेल को बढ़ावा देना और उभरते खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के शामिल होने की संभावना है।

