वुमन एंपावरमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी ने आयोजित की लकवा रोग पर जागरूकता परिचर्चा

 







जयपुर ।
वुमन एंपावरमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में मालवीय नगर स्थित एपेक्स हॉस्पिटल में स्वास्थ्य से संबंधित एक जागरूकता परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लकवा (पैरालिसिस) जैसे गंभीर रोग पर विस्तार से चर्चा की गई।

परिचर्चा के दौरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पृथ्वी गिरी ने लकवा रोग के कारण, लक्षण और इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लकवे से पहले शरीर कुछ संकेत देता है, जिन्हें समय रहते पहचान कर उपचार कराया जाए तो गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। साथ ही उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव से दूरी और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

संस्था की अध्यक्ष सुशीला सारस्वत ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार की मजबूत आधारशिला होती हैं, यदि उनका स्वास्थ्य कमजोर पड़ता है तो पूरे परिवार पर इसका प्रभाव पड़ता है। इसी सोच के साथ संस्था समय-समय पर स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े शिविरों का आयोजन करती रहती है।

कार्यक्रम में लगभग 50 महिलाओं ने भाग लेकर परिचर्चा को लाभान्वित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भीम सिंह कासनिया रहे। इस अवसर पर संस्था की जिला संयोजक सरिता मीना, जिला उपाध्यक्ष जोया खान, शोभा सिंह, सीमा मोदी सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने विशेषज्ञों से सवाल-जवाब कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया और इस पहल की सराहना की।

Previous Post Next Post