जयपुर।
ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड, दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज के मंदिर में रविवार, 1 फरवरी 2026 को रवि–पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर प्रथम पूज्य गणपति महाराज का दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक किया जाएगा।
मंदिर युवाचार्य पं. मानव शर्मा ने बताया कि प्रातः 10 बजे शुभ मुहूर्त में मंदिर महंत पं. जय शर्मा के सान्निध्य में मंदिर परिवार द्वारा भगवान गजानन का विधिवत दूर्वा मार्जन से पंचामृत अभिषेक संपन्न होगा। इसके पश्चात गणेशजी को नवीन पौशाक धारण कराई जाएगी तथा पूजा-अर्चना एवं आरती की जाएगी।
सायंकाल मंदिर में 251 दीपकों से भव्य महाआरती का आयोजन किया जाएगा। साथ ही दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि एवं विघ्ननिवारण हेतु रक्षा सूत्र का वितरण किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस विशेष धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में भक्तों के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना है।
