तारानगर गणेश मंदिर में शिखर कलश व धर्मध्वजा की स्थापना, 21 कुंडीय हवन आज

 

जयपुर, 31 जनवरी।

झोटवाड़ा क्षेत्र के तारानगर स्थित गणेश मंदिर में शनिवार को शिखर कलश एवं धर्मध्वजा की विधिवत स्थापना की गई। यह धार्मिक आयोजन बड़ पिपली बालाजी धाम के महंत प्रमेन्द्र नाथ के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम से जुड़े सर्वेश्वर शर्मा ने बताया कि सुबह वृंदावन कॉलोनी स्थित खाटू श्याम मंदिर से कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। कलश यात्रा में हजारों महिलाएं सिर पर कलश धारण कर पैदल चलते हुए गणेश मंदिर परिसर पहुंचीं। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर महंत पंकज शर्मा तथा गणेश मंदिर न्यास के पदाधिकारियों ने कलश यात्रा की अगवानी की।

कार्यक्रम के दौरान न्यास अध्यक्ष शंकर सिंह मनोहर, सचिव विनोद कुमार और कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र शर्मा ने व्यवस्थाओं की निगरानी की। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश व्यवस्था, पेयजल सहित अन्य आवश्यक प्रबंध किए गए। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष सजावट की गई।


धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत रविवार को मंदिर परिसर में 21 कुंडीय हवन का आयोजन किया जाएगा। हवन पंडित बृजमोहन मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न होगा। हवन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी प्रस्तावित है।



आयोजन की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी किशोर सिंह गोठड़ा द्वारा निभाई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रशासन एवं स्वयंसेवकों द्वारा भीड़ प्रबंधन एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।

धार्मिक आयोजन के चलते तारानगर एवं आसपास के क्षेत्रों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। स्थानीय निवासियों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मंदिर प्रशासन के अनुसार आगामी अनुष्ठानों को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

Previous Post Next Post