जयपुर, 27 जनवरी।
जयपुर आर्ट वीक के पांचवें संस्करण का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ, जिसके साथ ही गुलाबी नगरी समकालीन कला के जीवंत मंच में तब्दील हो गई। पब्लिक आर्ट्स ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पाटी) द्वारा आयोजित सात दिवसीय इस कला महोत्सव का पहला दिन शहर के विभिन्न सार्वजनिक और सांस्कृतिक स्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ।
पहले दिन की शुरुआत सेंट्रल पार्क में आयोजित कलाकार वॉकथ्रू से हुई, जहां तीन प्रमुख सार्वजनिक कला कृतियों को प्रदर्शित किया गया। गीगी स्कारिया की कृति ‘एज़सेंड टुवर्ड्स द अननोन’, पूजन गुप्ता की ‘ए सैक्रेड वॉक’ और मोहम्मद इंतियाज़ की ‘दर-बदर 2.0’ ने तकनीक, स्मृति और सामाजिक अनुभवों पर दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
इसके बाद पाटी मुख्यालय में कलाकार एवं क्यूरेटर वॉकथ्रू आयोजित किया गया। आम्रपाली म्यूज़ियम में माया कुमारी सुथार की प्रदर्शनी ‘द डेज़र्ट लैंड’ का वॉकथ्रू हुआ, जबकि स्टूडियो सुकृति में शोध-आधारित कला प्रक्रियाओं पर संवाद आयोजित किया गया।
जवाहर कला केंद्र की अलंकार गैलरी में ‘अंधा युग’ प्रदर्शनी का वॉकथ्रू प्रस्तुत किया गया, जिसमें कलाधाम के 50 से अधिक कलाकारों की कृतियां शामिल हैं। यह प्रदर्शनी सत्ता, युद्ध, हिंसा और नैतिक जिम्मेदारी जैसे विषयों पर केंद्रित है।
शाम को आयोजित वर्निसाज के दौरान द आर्ट न्यूज़पेपर के आर्ट मार्केट एडिटर कबीर झाला द्वारा संचालित पैनल चर्चा में समकालीन भारतीय संस्कृति में सार्वजनिक–निजी भागीदारी पर विचार-विमर्श हुआ
उल्लेखनीय है कि जयपुर आर्ट वीक 5.0 का आयोजन 27 जनवरी से 3 फरवरी 2026 तक शहर के विभिन्न स्थलों पर किया जा रहा है। सभी कार्यक्रम आम जनता के लिए निःशुल्क हैं।















