जयपुर।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने जयपुर में इंडिया स्टोन मार्ट मोबाइल ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया। स्टोन उद्योग के लिए यह अपनी तरह की पहली व्यापक डिजिटल पहल मानी जा रही है, जिसके माध्यम से उद्योग को एक समर्पित डिजिटल इकोसिस्टम उपलब्ध कराया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान और वैश्विक अवसर मिलेंगे। इंडिया स्टोन मार्ट ऐप स्टोन उद्योग को तकनीक से जोड़ते हुए व्यापार को सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगा।
इंडिया स्टोन मार्ट मोबाइल ऐप के जरिए पहली बार स्टोन उद्योग को ई-स्टॉल, डिजिटल मार्केटप्लेस, नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म, इवेंट अपडेट्स और एआई-सक्षम सर्च जैसी उन्नत सुविधाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई गई हैं। यह ऐप प्रदर्शकों, खरीदारों और उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों के लिए व्यापार और संवाद को आसान बनाएगा।
लॉन्च कार्यक्रम में स्टोनमार्ट के संयोजक नटवर अजमेरा, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय सह महामंत्री नरेश पारीक, राष्ट्रीय सचिव अंजू सिंह, पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम सहित स्टोन उद्योग से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने इस पहल को स्टोन उद्योग के भविष्य के लिए एक निर्णायक कदम बताया।
इंडिया स्टोन मार्ट ऐप के माध्यम से डिजिटल ई-स्टॉल और एआई-आधारित सर्च तकनीक स्टोन कारोबार के पारंपरिक तरीकों में बदलाव लाएगी और वैश्विक खरीदारों से सीधे जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगी। इससे भारतीय स्टोन उद्योग की अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
उल्लेखनीय है कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 का आयोजन 5 से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर के जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर, सीतापुरा में प्रस्तावित है। यह चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी प्राकृतिक पत्थरों—मार्बल, ग्रेनाइट, सैंडस्टोन, लाइमस्टोन—सहित माइनिंग, प्रोसेसिंग मशीनरी, टूल्स और स्टोन आर्ट से जुड़े उद्योगों को एक साझा मंच प्रदान करेगी।
राजस्थान देश का अग्रणी स्टोन उत्पादक राज्य है और लाखों लोगों की आजीविका इस उद्योग से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। आयोजन समिति के अनुसार, इंडिया स्टोन मार्ट 2026 ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘मेक इन इंडिया’ और राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
