घुमन्तु जाति के 51 लोगों को हरिद्वार तीर्थ यात्रा के लिए किया रवाना

 


जयपुर, 25 जनवरी।

घुमन्तु जाति उत्थान न्यास एवं शांति देवी जनकल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में घुमन्तु समुदाय के लोगों के लिए निःशुल्क हरिद्वार तीर्थ यात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विशेष बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अनूठी पहल के तहत घुमन्तु बस्तियों से चयनित 51 लोगों को विशेष बस द्वारा हरिद्वार भेजा गया।

इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना तथा घुमन्तु समुदाय को धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ते हुए मुख्यधारा से जोड़ना है।

कार्यक्रम संयोजक सर्वेश्वर शर्मा ने बताया कि यात्रा का संचालन घुमन्तु जाति उत्थान न्यास के महानगर संयोजक राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में किया गया। शांति देवी जनकल्याण ट्रस्ट के चेयरमैन मुकेश पराशर द्वारा यह यात्रा उनकी 25वीं वैवाहिक वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की गई।

मुकेश पराशर ने कहा कि समाज में हम कई बार सामाजिक कार्यक्रमों पर बड़ी राशि खर्च कर देते हैं, लेकिन मानवता से जुड़े कार्यों से दूर रह जाते हैं। जब उन्हें घुमन्तु जाति उत्थान के लिए राकेश कुमार शर्मा द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी मिली, तो उन्होंने अपने पारिवारिक कार्यक्रम को इस पुण्य कार्य से जोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि तीर्थ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराई जा सके।



घुमन्तु जाति कार्य के संयोजक राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि यात्रा में शामिल कई लोग ऐसे हैं, जो अब तक अपनी बस्ती से बाहर भी नहीं निकले थे। ऐसे में यह यात्रा न केवल धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि उन्हें बाहरी दुनिया से परिचित कराने का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने कहा कि घुमन्तु जाति उत्थान न्यास द्वारा समय-समय पर इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, ताकि घुमन्तु समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महानगर प्रचारक प्रशांत कुमार ने कहा कि राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में घुमन्तु जाति उत्थान न्यास द्वारा किए जा रहे कार्य अद्भुत हैं, जो परिवार, समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि वे स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें घुमन्तु जाति तीर्थ यात्रा की बस को रवाना करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि घुमन्तु बस्तियों के लिए राकेश कुमार शर्मा द्वारा किए जा रहे कार्य सराहनीय और प्रेरणादायक हैं।

कार्यक्रम में हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर मनोहर दास, कमलेश महाराज, खाटू से पुरुषोत्तम शर्मा, आध्यात्मिक चिकित्सक आचार्य तरुण कुमार, समाजसेवी शरद खंडेलवाल, न्यूमेरोलॉजिस्ट महान शर्मा सहित सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post