मोती डूंगरी गणेश मंदिर में रवि-पुष्य योग पर होगा पंचामृत अभिषेक, मनोकामना दिवस आज

 


जयपुर, 1 फरवरी।

ब्रह्मपुरी माउंट रोड स्थित अतिप्राचीन दाहिनी सूंड, दक्षिणमुखी श्री नहर के गणेशजी महाराज के मंदिर में रविवार को रवि-पुष्य नक्षत्र के पावन अवसर पर विशेष पंचामृत अभिषेक का आयोजन किया गया। इस अवसर को मंदिर प्रशासन द्वारा मनोकामना दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

मंदिर युवाचार्य पंडित मानव शर्मा ने बताया कि प्रातः 8 बजे भगवान श्री गणेश का दूर्वा मार्जन एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। अभिषेक में 151 किलो दूध, 21 किलो दही, 5¼ किलो घी, 21 किलो शक्कर, शहद के साथ केवड़ा जल, गुलाब जल, केवड़ा इत्र एवं गुलाब इत्र का उपयोग किया गया। सर्वप्रथम गंगाजल, केवड़ा जल और गुलाब जल से अभिषेक किया गया, इसके पश्चात पंचामृत अभिषेक सम्पन्न हुआ।

अभिषेक के बाद भगवान श्री गणपति को नवीन पोशाक धारण कराई गई और विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह 11 बजे गणपति सहस्रनाम पाठ के साथ 1001 मोदकों का भोग अर्पित किया गया। भगवान को फूल बंगले में विराजमान किया गया तथा विशेष खीर का भोग लगाया गया।

सायंकालीन महाआरती 251 दीपकों से सम्पन्न होगी। इस दौरान मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुख-समृद्धि एवं विघ्ननाशक रक्षा सूत्र भी वितरित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

Previous Post Next Post