जयपुर में भव्य अवार्ड समारोह, सुनील शेट्टी रहे मुख्य अतिथि

 


जयपुर। राजस्थान फ़िल्म एसोसिएशन के तत्वावधान में जयपुर में आयोजित भव्य अवार्ड समारोह में बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर राजस्थान की फ़िल्म प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया और प्रदेश में सिनेमा व एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।



समारोह में करणी सेना एवं राजस्थान फ़िल्म एसोसिएशन के चेयरमैन सुरजीत सिंह राठौड़ ने अभिनेता सुनील शेट्टी का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। राठौड़ ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान के उभरते कलाकारों को मंच प्रदान करना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।



एक दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सुनील शेट्टी ने अवार्ड वितरण समारोह में भाग लिया और राजस्थान की कला, संस्कृति व फ़िल्म प्रतिभाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों के लिए नए अवसर खोलते हैं और फ़िल्म इंडस्ट्री को मजबूत बनाते हैं।



समारोह में फ़िल्म, फैशन और एंटरटेनमेंट जगत से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी रही। आयोजन को लेकर शहर में खासा उत्साह देखने को मिला और आयोजकों ने इसे सफल व यादगार कार्यक्रम बताया।

Previous Post Next Post