घुमंतू समुदाय के बच्चों के साथ मनाया गया बेटी का जन्मदिन

  


जयपुर। वूमेनस एंपावरमेंट एंड वेलफेयर सोसाइटी की सदस्य रानी शर्मा ने अपनी बेटी हर्षिता का जन्मदिन घुमंतू समुदाय के बच्चों के साथ मनाकर सामाजिक समानता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। यह आयोजन त्रिवेणी नगर स्थित सीताराम कच्ची बस्ती में किया गया।

संस्था की अध्यक्ष सुशीला सारस्वत ने बताया कि संस्था की परंपरा है कि किसी भी सदस्य के बच्चों का जन्मदिन घुमंतू समुदाय के बच्चों के साथ ही मनाया जाता है, ताकि इन बच्चों का मनोबल बढ़े और समाज में समानता की भावना विकसित हो।

कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों ने मिलकर केक काटा, नाश्ता किया और हर्षिता का जन्मदिन उत्साह व धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। सभी बच्चों ने हर्षिता को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

संस्था का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना और बच्चों के बीच आपसी भाईचारे व समानता की भावना को मजबूत करना है।

Previous Post Next Post