जयपुर।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान के लिए यह अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि भारतीय सेना द्वारा फेडरेशन को मेजर जनरल करण सिंह के माध्यम से प्रशंसा पत्र प्रदान किया गया है। यह सम्मान जयपुर में पहली बार आयोजित आर्मी डे परेड के अवसर पर अधिकारियों, वीर नारियों, वीर माताओं एवं वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए उत्कृष्ट आवास व्यवस्था में सहयोग प्रदान करने के लिए दिया गया।
इस ऐतिहासिक आयोजन की योजना एवं तैयारियां लगभग एक वर्ष पूर्व ही प्रारंभ कर दी गई थीं। इसके तहत संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों एवं जयपुर के आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े होटल व्यवसायियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित किया गया। कार्यक्रम से ठीक 25 दिन पूर्व वास्तविक आवास व्यवस्था को अंतिम रूप देते हुए सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया, जिसके अंतर्गत लगभग 6,000 रूम नाइट्स की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान उन सभी होटल व्यवसायियों का हृदय से आभार व्यक्त करता है, जिन्होंने राष्ट्रहित में आगे आकर अधिसूचित (Entitled) दरों पर कमरों की उपलब्धता सुनिश्चित की। इसके परिणामस्वरूप हमारे वीर सैनिकों एवं उनके परिवारों को सम्मानजनक, आरामदायक एवं सुव्यवस्थित आवास उपलब्ध हो सका।
होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान द्वारा की गई संपूर्ण प्रक्रिया का सफल समन्वय फेडरेशन के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, अध्यक्ष हुसैन खान एवं महासचिव रणविजय सिंह के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में संभव हो पाया। इस उपलब्धि को साकार करने में महासचिव रणविजय सिंह राठौड़ का विशेष योगदान रहा, जिसके लिए फेडरेशन उनका हृदय से आभार व्यक्त करता है।
यह पहल इस बात का सशक्त प्रमाण है कि राजस्थान का आतिथ्य उद्योग जब भी राष्ट्र एवं सशस्त्र सेनाओं की सेवा का अवसर पाता है, तो पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ खड़ा रहता है।

