महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस पर एनएसयूआई राजस्थान ने आयोजित की “सद्भावना यात्रा” और संगोष्ठी

 


जयपुर।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के बलिदान दिवस के अवसर पर एनएसयूआई राजस्थान द्वारा राजस्थान विश्वविद्यालय स्थित संविधान पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया। इस अवसर पर सद्भावना यात्रा, सर्व धर्म प्रार्थना सभा और संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सद्भावना यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया और महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, भाईचारा और आपसी सद्भाव के संदेश को अपनाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात आयोजित सर्व धर्म प्रार्थना सभा में सभी धर्मों की प्रार्थनाओं के माध्यम से देश में शांति, एकता और सौहार्द का संदेश दिया गया।

संगोष्ठी के दौरान विनोद जाखड़ ने महात्मा गांधी के जीवन, उनके बलिदान और उनके विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि सत्य और अहिंसा का मार्ग समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है और युवाओं को इसे अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में महात्मा गांधी जी के प्रतीक चरखे का संचालन भी किया गया, जिससे युवाओं को स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा मिली। इस अवसर पर विनोद जाखड़ ने युवाओं से आह्वान किया कि वे गांधी जी के विचारों को केवल आदर्श तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने आचरण में उतारकर एक मजबूत, समरस और शांतिपूर्ण भारत के निर्माण में योगदान दें।

कार्यक्रम में एनएसयूआई के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, राजस्थान विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post