जयपुर:
पोड्डार जंबो किड्स स्कूल में आज वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व को रेखांकित किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी महाराणा प्रताप तथा गुरु वशिष्ठ अवार्ड से सम्मानित भारतीय वूशू संघ के उपाध्यक्ष श्री हीरानंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और स्वागत समारोह से हुई। विद्यालय की प्रिंसिपल निधि भट्ट ने मुख्य अतिथि श्री हीरानंद कटारिया का बुके एवं पौधा भेंट कर सम्मान किया। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया गया
इस अवसर पर श्री हीरानंद कटारिया ने बच्चों के माता-पिता को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शारीरिक स्वास्थ्य अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों से अवश्य जोड़ें, ताकि उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में शिक्षा के साथ खेल भी उतने ही आवश्यक हैं।
कटारिया ने कहा कि शिक्षा और खेल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री भी अभिभावकों को अपने बच्चों को अधिक से अधिक खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने और उनके शारीरिक विकास पर ध्यान देने का संदेश देते रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों ने खूब सराहा। बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय की प्रिंसिपल निधि भट्ट ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से विद्यालय के साथ निरंतर सहयोग बनाए रखने की अपील भी की।
वार्षिक उत्सव विद्यालय में शिक्षा, खेल और संस्कारों के समन्वय का सशक्त उदाहरण बना।




