फिटनेस फेस्टिवल में तब्दील हुआ जीएसएल ड्रीम्स बिब एक्सपो पावर टॉक, पेसर्स मीट, सेलिब्रिटी टॉक शो और जयपुर रनर्स अवॉर्ड्स ने बढ़ाया उत्साह

 


जयपुर | 31 जनवरी 2026:

एयू जयपुर मैराथन 2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय जीएसएल ड्रीम्स बिब एक्सपो का दूसरा और अंतिम दिन जयपुर में उत्साह और फिटनेस ऊर्जा से सराबोर नजर आया। पावर टॉक शो, पेसर्स मीट, सेलिब्रिटी टॉक शो और तिजारिया जयपुर रनर्स अवॉर्ड्स जैसे आयोजनों ने एक्सपो को एक जीवंत फिटनेस फेस्टिवल का रूप दे दिया।

संस्कृति युवा संस्था और वर्ल्ड ट्रेड पार्क द्वारा एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक एवं राजस्थान पर्यटन के सहयोग से आयोजित इस बिब एक्सपो में संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा, आवास फाइनेंस के मैनेजिंग डायरेक्टर सचिंदर भिंडर, एयू जयपुर मैराथन के रेस डायरेक्टर रवि गोयनका और सीईओ मुकेश मिश्रा उपस्थित रहे।



पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि एयू जयपुर मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को जन आंदोलन बनाने की पहल है। बिब एक्सपो के माध्यम से धावकों को किट के साथ-साथ मोटिवेशन और फिटनेस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दी गईं।

दिनभर बड़ी संख्या में धावकों ने बिब और रेस किट प्राप्त की। दोपहर में प्रसिद्ध पर्वतारोही रीना भाटी ने पावर टॉक के दौरान मानसिक मजबूती, लक्ष्य निर्धारण और आत्मविश्वास के महत्व पर प्रकाश डाला।



शाम को आयोजित पेसर्स मीट में पेसर्स ने रेस स्ट्रैटेजी और टाइम मैनेजमेंट से जुड़ी अहम जानकारियाँ साझा कीं। इसके बाद हुए सेलिब्रिटी टॉक शो में मिलिंद सोमन और न्यूट्रिशिप की डायरेक्टर रुचि बर्तरिया ने न्यूट्रीशन, हाइड्रेशन और रिकवरी पर चर्चा की।

इसी अवसर पर तिजारिया जयपुर रनर्स अवॉर्ड्स के तहत शहर के उत्कृष्ट धावकों और रनिंग कम्युनिटी के सदस्यों को सम्मानित किया गया। सीईओ मुकेश मिश्रा ने कहा कि यह सम्मान फिटनेस को जीवनशैली बनाने वाले लोगों के लिए प्रेरणा है।

1 फरवरी को दौड़ेगा जयपुर

बिब एक्सपो के समापन के साथ अब 1 फरवरी को होने वाली 17वीं एयू जयपुर मैराथन को लेकर उत्साह चरम पर है। मैराथन में 42 किमी, 21 किमी, 10 किमी, 5 किमी और 6 किमी ड्रीम रन सहित विभिन्न श्रेणियों में हजारों धावक भाग लेंगे। इस दौरान दो वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रयास भी किए जाएंगे।

मैराथन को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए मार्ग व्यवस्था, मेडिकल स्टेशंस, वाटर व एनर्जी स्टेशन सहित सभी आवश्यक इंतज़ाम किए गए हैं।

Previous Post Next Post