जयपुर।
हिंदुस्तान बॉक्स क्रिकेट फेडरेशन (HBCF) के सत्र 2026–2030 के लिए चुनाव मंगलवार को जयपुर स्थित आरसीए, सवाई मानसिंह स्टेडियम में शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध रूप से संपन्न हुए। संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी अनिरुद्ध सिंह की देखरेख में आयोजित की गई।
चुनाव परिणामों की घोषणा के साथ ही फेडरेशन की नई गवर्निंग बॉडी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से डॉ. आशुतोष पंत को अध्यक्ष, पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को महासचिव तथा रमेश सिंह को कोषाध्यक्ष चुना गया।
वहीं गजेंद्र सिंह राठौड़, अशोक कुमार आसेरी एवं डॉ. आदित्य नाग को उपाध्यक्ष, रोहित झालानी और अमित कुमार खंडेलवाल को संयुक्त सचिव तथा अरुण कुमार सिंह, राजनेश कुशवाहा सिंह एवं लक्ष्य पंत को कार्यकारिणी सदस्य निर्वाचित किया गया।
फेडरेशन के प्रशासनिक, तकनीकी एवं प्रतियोगिता संचालन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया। अरुण कुमार सिंह को निर्विरोध रूप से ऑर्गनाइजिंग कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया, जिन्हें आगामी प्रतियोगिताओं एवं आयोजनों के समन्वय और संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अतिरिक्त अखिल गर्ग को रेफरी बोर्ड का प्रभारी नियुक्त किया गया, जो अंपायरिंग एवं रेफरी व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप संचालित करेंगे।
हर्षित यादव को चयन समिति एवं तकनीकी समिति का अध्यक्ष, जबकि मोहित शर्मा एवं हितेश शर्मा को चयन समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया।
के. के. प्रधान को टूर्नामेंट कमेटी का डायरेक्टर तथा अकील अहमद को टूर्नामेंट अरेंजमेंट कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि शेष पदों एवं समितियों में नियुक्ति का अधिकार अध्यक्ष एवं महासचिव को सर्वसम्मति से प्रदान किया गया है, ताकि संगठनात्मक कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
फेडरेशन के अनुसार बॉक्स क्रिकेट एक आधुनिक एवं संगठित क्रिकेट प्रारूप है, जिसे International Box Cricket Federation (IBCF) की आधिकारिक नियम पुस्तिका के अनुसार संचालित किया जाता है। यह खेल सीमित एवं नेट से घिरे मैदान में खेला जाता है, जिससे खेल तेज़, सुरक्षित और समयबद्ध बनता है। प्रति टीम 11 खिलाड़ी होते हैं, जिनमें 8 खिलाड़ी मैदान में और 3 रिज़र्व रहते हैं। सॉफ्ट या टेनिस बॉल के उपयोग से खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है
IBCF नियमों के अनुसार बॉक्स क्रिकेट को पुरुष, महिला एवं मिक्स्ड कैटेगरी में विभाजित किया गया है। मिक्स्ड कैटेगरी में न्यूनतम 6 पुरुष एवं 5 महिला खिलाड़ियों की अनिवार्य भागीदारी होती है, जिससे लैंगिक समानता और समावेशिता को बढ़ावा मिलता है।
नवगठित कार्यकारिणी के नेतृत्व में हिंदुस्तान बॉक्स क्रिकेट फेडरेशन का लक्ष्य बॉक्स क्रिकेट को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त पहचान दिलाना, युवाओं को संगठित खेल मंच उपलब्ध कराना और इस खेल को पूर्णतः पेशेवर स्वरूप देना है। चुनाव की सफलता पर फेडरेशन के सदस्यों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ दीं।


