जयपुर द्वितीय, 12 फरवरी।
“शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर सीएमएचओ जयपुर द्वितीय की टीम ने मुहाना मंडी स्थित मैसर्स श्री श्याम फूड इंडस्ट्री पर कार्रवाई करते हुए 1000 किलो सॉस सीज किया।
सीएमएचओ जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि उक्त फैक्ट्री से उत्पादित श्री श्याम ब्रांड सॉस का नमूना पूर्व में जांच रिपोर्ट में अनसेफ पाया गया था। आयुक्तालय द्वारा रिकॉल एवं री-सैंपलिंग के निर्देश जारी किए गए थे। इसी क्रम में टीम ने फैक्ट्री पहुंचकर स्नैक्स सॉस और रेड चिली सॉस के नए नमूने लिए।
मौके पर निरीक्षण के दौरान शेष लगभग 1000 किलो सॉस में रंग (कलर) मिलाए जाने एवं अन्य संभावित मिलावट की आशंका पर उक्त स्टॉक को जांच रिपोर्ट प्राप्त होने तक सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान फैक्ट्री परिसर में विभिन्न प्रकार के फ्लेवर, सॉस एवं अचार आदि करीब 150 किलो एक्सपायरी उत्पाद पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
निरीक्षण में फैक्ट्री में भारी गंदगी पाई गई। साथ ही फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पानी की जांच रिपोर्ट तथा पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। इन कमियों को लेकर फर्म के प्रोपराइटर सुनील पारीक को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही फर्म को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया जाएगा।
इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, राजेश नागर एवं प्रोबेशनरी खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम शामिल रही।


.jpg)