नेशनल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में राजस्थान के तनिष्क शर्मा ने जीता कांस्य पदक

 


यूथ वर्ग में 273 किलो वजन उठाकर बढ़ाया प्रदेश का मान

जयपुर, 12 फरवरी। इंडियन वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के तत्वावधान में मोदीनगर (उत्तर प्रदेश) में 3 फरवरी से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित यूथ, जूनियर एवं सीनियर नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में राजस्थान के खिलाड़ी तनिष्क शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यूथ वर्ग में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश को गौरवान्वित किया।

12 फरवरी को आयोजित मुकाबले में तनिष्क शर्मा ने 94 किलो भार वर्ग में 127 किलो स्नैच तथा 146 किलो क्लीन एंड जर्क सहित कुल 273 किलो वजन उठाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।



प्रतियोगिता में देशभर के लगभग सभी राज्यों से करीब 900 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें राजस्थान के इस युवा खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम किया।

मीडिया कोऑर्डिनेटर नंद किशोर शर्मा ने बताया कि इससे पूर्व भी तनिष्क शर्मा ने ईटानगर (अरुणाचल प्रदेश) में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूल वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया था।

तनिष्क शर्मा वर्तमान में जयपुरिया विद्यालय में कक्षा 11 के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य रेनू शर्मा ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि तनिष्क के पिता अमित शर्मा स्वयं अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्वर्ण पदक विजेता वेटलिफ्टर रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में तनिष्क आनंद राष्ट्रीय व्यायामशाला में नियमित रूप से कठोर परिश्रम और समर्पण के साथ अभ्यास कर रहे हैं।

Previous Post Next Post