परंपरा, प्रगति और प्रेरणा का संगम: हेरिटेज एस.एस.जी. पारीक पी.जी. कॉलेज का 121वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

 


जयपुर।

जयपुर के हेरिटेज एस.एस.जी. पारीक पी.जी. कॉलेज एवं उससे संबद्ध शिक्षण संस्थानों ने शिक्षा, संस्कार और सेवा की 121 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूर्ण होने पर अपना 121वां स्थापना दिवस “धरोहर” समारोह के रूप में अत्यंत उत्साह, गरिमा और भव्यता के साथ मनाया। यह आयोजन संस्थान की उपलब्धियों के अभिनंदन, उत्कृष्टता को नमन और सामूहिक प्रयासों से निर्मित उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बना।



समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रबंध कार्यकारिणी के सचिव लक्ष्मीकांत पारीक ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में विगत वर्षों में पारीक शिक्षण संस्थानों द्वारा शैक्षणिक, भौतिक एवं सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने संस्थान की परंपराओं को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने के प्रयासों पर प्रकाश डाला।



स्थापना से लेकर वर्तमान तक पारीक शिक्षण संस्थान से जुड़े विभिन्न महाविद्यालयों के उन प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अकादमिक क्षेत्र, खेलकूद, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), रेड रिबन क्लब एवं अन्य गतिविधियों में विशिष्ट उपलब्धियां अर्जित कर संस्थान का नाम रोशन किया।

इस अवसर पर सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों, शिक्षण स्टाफ एवं अशिक्षण स्टाफ को भी उनके समर्पण, सेवा और योगदान के लिए प्रबंध कार्यकारिणी द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया।

समारोह में संस्थान के 121 वर्षों के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं, उपलब्धियों और विकास यात्रा को समाहित करती हुई एक विशेष डाक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावनात्मक रूप से जोड़ते हुए अतीत की स्मृतियों और भविष्य की प्रेरणाओं से रूबरू कराया।



समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मुकेश पारीक ने कहा कि हेरिटेज एस.एस.जी. पारीक पी.जी. कॉलेज ने अपने स्वर्णिम इतिहास में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां अर्जित कर एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने संस्थान के 121वें वर्ष में प्रवेश पर प्रबंधक मंडल, शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्थान आने वाले समय में भी शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।


इस अवसर पर प्रबंध कार्यकारिणी के अध्यक्ष बजरंग लाल पारीक, उपाध्यक्ष नन्दकिशोर पारीक, संयुक्त सचिव गौरव पारीक, कोषाध्यक्ष बुद्धिप्रकाश पारीक सहित कार्यकारिणी सदस्य अशोक केसोट, मथुरेश्वर पारीक, भगवान सहाय पारीक, रितेश सी. पुरोहित, सीमा जोशी, ज्योति जोशी, भगवती प्रसाद पारीक तथा पारीक महासभा समिति के अध्यक्ष के.के. पारीक उपस्थित रहे। साथ ही महाविद्यालय के सभी प्राचार्य, शिक्षकगण एवं स्टाफ सदस्य भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

Previous Post Next Post