जयपुर में 13वां इंडिया स्टोनमार्ट 2026: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे उद्घाटन




जयपुर, 4 फरवरी 2026: भारत की प्राकृतिक पत्थर (नेचुरल स्टोन) उद्योग को वैश्विक स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का आयोजन 5 से 8 फरवरी 2026 तक जयपुर एग्ज़ीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC), सीतापुरा में किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल भारत, बल्कि एशिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली स्टोन इंडस्ट्री प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी पहचान रखता है।

चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी और उद्योग संवाद का भव्य उद्घाटन गुरुवार, 5 फरवरी 2026, प्रातः 10 बजे मुग्धा कन्वेंशन हॉल में होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा होंगे।

उद्घाटन समारोह में उद्योग मंत्री श्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, राजस्थान के मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू, संगठन महामंत्री श्री प्रकाश चंद्र, आर.के. मार्बल के अध्यक्ष श्री अशोक पाटनी, प्रसिद्ध मूर्तिकार श्री अरुण योगीराज, इंडिया स्टोनमार्ट आयोजन समिति के संयोजक श्री नटवरलाल अजमेरा, उपाध्यक्ष श्री दीपक अजमेरा और अन्य देश-विदेश के वरिष्ठ उद्योगपति, निर्यातक, नीति निर्माता और विशेषज्ञ उपस्थित रहेंगे।

रामलला की मूर्ति के शिल्पकार श्री अरुण योगीराज की उपस्थिति

इस समारोह का एक विशेष आकर्षण अयोध्या में स्थापित भगवान श्रीराम (रामलला) की मूर्ति के शिल्पकार, श्री अरुण योगीराज की गरिमामयी उपस्थिति होगी। उनके माध्यम से स्टोन इंडस्ट्री को केवल व्यापार के रूप में नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के संगम के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

इंडिया स्टोनमार्ट क्यों महत्वपूर्ण है

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 में खनन से लेकर प्रोसेसिंग, डिजाइन, वैल्यू एडिशन, मशीनरी, टेक्नोलॉजी, एक्सपोर्ट और इन्फ्रास्ट्रक्चर तक पूरी स्टोन इंडस्ट्री की श्रृंखला एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। इसमें MSME और छोटे स्टोन उद्यमियों पर विशेष फोकस रखा गया है। इसके साथ ही ग्रामीण शिल्प और कारीगरों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए शिल्पग्राम का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य आकर्षण और गतिविधियाँ:

25,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में 539 स्टॉल्स के माध्यम से स्टोन, मशीनरी और वैल्यू-एडेड उत्पादों का प्रदर्शन।

अंतरराष्ट्रीय खरीदार, आर्किटेक्ट्स, डेवलपर्स, निवेशक और नीति विशेषज्ञों की भागीदारी।

डिजाइन-ड्रिवन स्टोन एप्लिकेशन, आर्किटेक्चर और इंटीरियर ट्रेंड्स पर विशेष सत्र।

रोजगार, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप संभावनाओं पर संवाद।

जयपुर आर्किटेक्चर फेस्टीवल और नवाचार प्रतियोगिताएं।

मोबाइल एप पर वर्चुअल स्टॉल की सुविधा।

राजस्थान और देश की अर्थव्यवस्था के लिए अवसर

इंडिया स्टोनमार्ट 2026 से राज्य और देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय उद्योगों, MSME सेक्टर और हजारों प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार को नई गति मिलेगी। यह आयोजन “मेक इन इंडिया” और “वोकल फॉर लोकल” की भावना को भी मजबूती देगा।

उद्घाटन समारोह में सीडॉस लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड भी प्रदान किए जाएंगे। इसके माध्यम से स्टोन इंडस्ट्री में दशकों से योगदान देने वाले उद्योग अग्रदूतों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही उद्योग की वर्तमान चुनौतियाँ, नीति सुधार, निर्यात बढ़ाने की रणनीतियाँ और भविष्य की तकनीक पर विस्तृत संवाद होंगे।


Previous Post Next Post